
अयोध्या हाईवे पर ट्रक ने युवक को कुचला:मौके पर मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, ट्रक जब्त
अयोध्या के रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने 32 साल के युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गद्दोपुर मझवा निवासी सूरज सोनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सूरज सोनी बुधवार देर शाम किसी काम से हाईवे पर गया था। तभी रायबरेली की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते हाईवे पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।
सूचना मिलने पर नवीन मंडी चौकी पुलिस और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही सामान्य हो सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान गद्दोपुर मझवा निवासी सूरज सोनी के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









